खेड़ी फिरोजाबाद में तमंचा फैक्ट्री पकड़ी
मोरना। गांव खेड़ी फिरोजाबाद में पुलिस ने मकान में छापेमारी कर अवैध रूप से असलहा बनाने की फैक्ट्री पकड़ी है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दर्जनों अधबने तमंचे व नाल, पत्ती सहित बनाने के उपकरण को बरामद कर किया। पुलिस ने एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि उसका दूसरा साथी बदमाश फरार हो गया। पुलिस ने बदमाश को जेल भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि गांव खेड़ी फिरोजाबाद में बनाए गए तमंचे पड़ोसी राज्य उत्तराखंड में तीन से चार हजार रुपयों में बेचे जाते थे।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ककरौली क्षेत्र गांव खेड़ी फिरोजाबाद में आशु उर्फ पुत्र मोहम्मद शमशेर उर्फ सैफी व उसका रिश्तेदार तैमूर पुत्र मंगता निवासी जबरदस्तपुर, थाना सिविल लाइन, रुड़क़ी, जिला हरिद्वार, उत्तराखंड दोनों मिलकर मकान के अंदर अवैध असलहा बना रहे हैं। पुलिस टीम ने मकान के अंदर छापेमारी की तो मौके से बने तमंचे व दर्जनों अध बने तमंचे को तैयार करने की फैक्ट्री चलती मिली। मौके से तैमूर को पुलिस ने पकड़ लिया, जबकि आशू मौका पाकर फरार हो गया। सीओ राम मोहन शर्मा ने बताया कि पकड़े गए बदमाश तैमूर ने बताया कि खेड़ी फिरोजाबाद में तमंचे तैयार कर पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के विभिन्न शहरों व कस्बों में दलालों के माध्यम से तीन से चार हजार के बीच ग्राहक को बेचा जाता था। तमंचों को बाइक, कार आदि से पहुंचाया जा रहा था। पुलिस ने कहा कि आरोपी आशु को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। थाना प्रभारी जितेंद अंबावत ने बताया कि करीब छह माह से दोनों आरोपी तमंचे बनाकर बेचने का धंधा करने में लगे हुए थे। आरोपी आशु गोकशी करने के आरोप में भी वांछित चल रहा है। मौके से तमंचे बनाने के मशीन, भट्ठी, पंखा, तीन वेल्डिंग मशीन और सात अदद बोर आदि के अन्य उपकरण भारी मात्रा में बरामद किए गए हैं।