युवती का अपहरण, दूसरे समुदाय के युवक पर लगा आरोप
मुजफ्फरनगर।
शहर कोतवाली के एक गांव से चार दिन पूर्व लापता हुई एक समुदाय की युवती का मामला तूल पकड़ने लगा है। परिजनों ने दूसरे समुदाय के युवकों पर युवती का अपहरण करने का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर बुधवार को विहिप व भाजपा नेताओं ने रोहाना चौकी का घेराव कर युवती की सकुशल बरामदगी की मांग की। पुलिस को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए बरामदगी नहीं होने पर क्षेत्र में हिंदू महापंचायत के आयोजन की भी चेतावनी दी गई।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी कोरी समाज के राजबीर की बेटी दीपा चार दिन पूर्व संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी। परिजनों ने इस संबंध में रोहाना चौकी पुलिस को युवती की गुमशुदगी तहरीर देते हुए दूसरे समुदाय के युवक पर अपहरण किए जाने और आरोपी पक्ष द्वारा लगातार धमकियां दिए जाने का आरोप लगाया था। बुधवार को विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अमित गुप्ता व भाजपा नेता विपुल त्यागी ने कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों के साथ रोहाना चौकी पहुंचकर हंगामा किया। उन्होंने चौकी का घेराव करते हुए इंचार्ज एसआई राकेश शर्मा के समक्ष चार दिन बीतने के बावजूद युवती बरामद नहीं होने पर आक्रोश जताते हुए जमकर हंगामा किया। इस पर एसआई राकेश शर्मा ने विहिप व भाजपा नेताओं से बात करते हुए दो दिन के भीतर अपहृत युवती की सकुशल बरामदगी के साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भी आश्वासन दिया। इस पर भाजपा व विहिप नेताओं ने दो दिन के भीतर युवती की सकुशल बरामदगी नहीं होने पर क्षेत्र में हिंदू महापंचायत का आयोजन किए जाने की चेतावनी दी है। वहीं, युवती का अपहरण करने में दूसरे समुदाय के आरोपी के शामिल होने के चलते क्षेत्र में इस मामले को लेकर तनाव के हालात बनने लगे हैं। मामले में भाजपा नेता विपुल त्यागी ने कहा कि कई दिन बीतने के बावजूद पुलिस मामले में कार्रवाई के नाम पर हीलाहवाली कर रही है। तहरीर दिए जाने के बावजूद अब तक पुलिस ने न तो अपहरण की एफआईआर दर्ज की और न ही आरोपियों की धरपकड़ के लिए ही प्रयास किए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दो दिन के भीतर मामले में कार्रवाई नहीं होती है तो फिर क्षेत्र में हिंदू समाज की महापंचायत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी।