पूर्व विधायक का पर्स चोरी
मुजफ्फरनगर। शिवमूर्ति पर पूर्व विधायक अशोक कंसल का जेबकतरों ने पर्स चोरी कर लिया। पर्स में हजारों की नकदी समेत साढे़ पांच लाख का ड्राफ्ट भी रखा हुआ था। पूर्व विधायक ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पत्नी पर हमला
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मिमलाना रोड निवासी दीपक अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी को हिरासत में ले लिया। बाद में पुलिस ने उसका चालान कर दिया।
अधिवक्ता की बाइक चोरी
मुजफ्फरनगर। अधिवक्ता मांगेराम ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह किसी कार्य से बाइक से सिटी सेंटर मार्केट में गया था। वहीं से किसी ने उसकी बाइक चोरी कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
किशोरी का अपहरण
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन क्षेत्र निवासी एक महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी नाबालिग पुत्री को मोहल्ले में ही रहने वाला युवक बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले गया। आरोप है कि जब उन्होंने युवक के परिजनों से किशोरी के विषय में जानकारी चाही, तो उन्होंने उसे धमकी देकर भगा दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए कुछ युवकों को हिरासत में लिया है।
मां के साथ मारपीट
मुजफ्फरनगर। नई मंडी क्षेत्र के पचेंडा रोड निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पुत्र और पुत्रवधू ने उसके साथ मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी पुत्र को हिरासत में उसका चालान कर दिया।
एटीएम बदल कार्ड कर 88 हजार रुपये निकाले
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मोहल्ला महमूदनगर निवासी इंतजार का नईमंडी स्थित पीएनबी बैंक में खाता है। आरोप है कि वह 24 मार्च को कचहरी गेट स्थित एटीएम से रुपये निकालने गया था। इसी दौरान वहां खड़े दो युवकों ने उसका धोखाधड़ी से एटीएम बदल लिया और उसके खाते से 88 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।