छपार। मामूली विवाद में कुछ लोगों ने राशन डीलर के घर हमला बोल दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने धारदार हथियारों से राशन डीलर और उसके पुत्र को घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भर्ती करा दिया।
छपार के मजरा गांव जयभगवानपुर निवासी सुमित पुत्र रवि शुक्रवार को टैक्ट्रर-ट्राली में खेतों से गन्ना भरकर छपार जा रहा था। तभी सामने से आ रहे गांव के ही बाइक सवार सुनील पुत्र किशोर में साइड देने को लेकर कहासुनी हो गयी। उस समय तो सुनील सुमित को धमकी देता हुए चला गया। सुमित गन्ना डालकर जैसे ही घर पहुंचा तो सुनील, जेक्की, अन्नु आदि ने उसके घर पर हमला बोल दिया। हमले में सुमित व उसका चचेरे भाई मोनू घायल हो गए। शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
बिजली चोरी पकड़ी
भोपा। शुक्रवार को विद्युत विभाग की टीम ने गांव अलीपुर तिस्सा स्थित गन्ना कोल्हू में छापा मारा, जहां बराबर की एलटी लाइन से विद्युत चोरी की जा रही थी। शानू पुत्र अमीन के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। रियासत पुत्र अख्तर, उदयवीर पुत्र विमल के विरुद्ध विद्युत चोरी करने के आरोप में मुकदमा कायम कराया है। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक प्रवर्तन दल आरके धारीवाल, अवर अभियंता नेत्रपाल सिंह, नीरज कुमार, सहाब सिंह, बिजेंद्र आदि रहे।
दिल्ली पुलिस ने दबिश दी
चरथावल। शुक्रवार को दिल्ली पुलिस ने लूट के मामले चरथावल कसबे में दबिश दी, लेकिन कोई आरोपी हाथ नही लगा। मोहल्ला तीरग्रान निवासी युवक दिल्ली में अरसे से काम करता है। उसके एनसीआर क्षेत्र में लूट के एक मामले में संलिप्तता पाई जाने पर पुलिस ने दबोच लिया। उसने लूट में चरथावल के कुछ युवकों का शामिल होना बताया। इसको लेकर शुक्रवार को दिल्ली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कस्बे में दबिश दी। यहां एक युवक से पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगे।