सीओ के भांजे के साथ मारपीट
मुजफ्फरनगर। कुछ लोगों ने सीओ के भांजे के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल फोन और लैपटॉप तोड़ डाला। पीड़ित ने शाहपुर थाने पर तहरीर दी है। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।
बुढाना में सीओ रहे सुधीर तोमर का भांजा भनेड़ा जट निवासी प्रियांशु बालियान शनिवार को बाइक पर सवार होकर मेरठ जा रहा था। शाहपुर क्षेत्र के गांव बसधाड़ा के पास अचानक सामने आए एक बालक को बचाने के प्रयास में उसने अपनी बाइक को ब्रेक लगाए बालक तो बच गया, लेकिन प्रियांशु की बाइक स्लिप हो गई। आरोप है कि तभी वहां आए एक स्कूल बस के चालक ने एक अन्य के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की और उसका लैपटॉप व मोबाइल फोन तोड़ डाला।
मां-बेटी लापता
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र से एक विवाहिता अपनी बेटी समेत लापता हो गई। पति ने पुलिस को सूचना दी है। किदवईनगर के नूरहसन पुत्र नजमुद्दीन ने बताया कि उसकी पत्नी नजमा अपनी पुत्री काजल को साथ लेकर 25 जनवरी को अस्पताल में भर्ती अपने भाई मनव्वर से मिलने गई थी, जिसके बाद मां-बेटी लापता हैं। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
युवक लापता
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बामनहेड़ी निवासी विनोद का बेटा बिट्टन शुक्रवार सुबह पासपोर्ट लेने जाने के लिए घर से निकला था, परंतु वह लौट कर रही आया। पुलिस ने बिट्टन की गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरु कर दी है।
मछली चोरी करते दो दबोचे
मुजफ्फरनगर। तालाब से मछली चोरी करते हुए मत्स्य समिति के सचिव ने अपने साथियों के साथ मिलकर दो युवकों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि चार आरोपी फरार हो गए।
पचेंडा मत्स्य सहकारी समिति के सचिव कपिल कुमार ने पुलिस में मामला दर्ज कराया। बताया कि उनकी समिति के नाम गांव का तालाब आवंटित है, जिसमें वह मछली पालन करते हैं। सुभाष उसकी देखरेख करता है। गत दिवस छह लोग तालाब से मछली चोरी कर रहे थे। मौके पर पहुंच कर उन्होंने बाटू उर्फ महमूद पुत्र छोटा उर्फ शरीफ व प्रमोद पुत्र रामपाल निवासीगण मुस्तफाबाद को पकड़ लिया, जबकि चार फरार हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके दोनों केे चालान कर जेल भेज दिया है। बाकी की तलाश की जा रही है।