परिवार को बंधक बनाकर डकैती डाली
मोरना (मुजफ्फरनगर)। गांव खाईखेड़ा में सोमवार रात आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने ग्रामीण के मकान में डकैती डाल कर दहशत फैला दी। बदमाशों ने हथियारों के बल पर पूरे परिवार को बंधक बनाया। इसके बाद नगदी समेत लाखों रुपयों के सोने व चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए।
ककरौली क्षेत्र के गांव खाईखेड़ा निवासी राजवीर पुत्र मंगलू सोमवार रात परिवार के साथ मकान में सोया था। देर रात को आधा दर्जन से अधिक बदमाश आंगन की दीवार फांदकर घर में घुस गए। बदमाशों ने घर में घुसते ही पूरे परिवार को गन प्वाइंट पर लेकर आतंकित करते हुए बंधक बना लिया। बदमाशों ने राजवीर व परिवार की महिलाओं से सेफ की चाबियां मांगी। राजवीर ने देने से इंकार किया तो बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को गोली मारने की धमकी दी। धमकी से राजवीर व परिवार की महिलाएं डर गई और बदमाशों को चाबियां सौंप दी। बदमाशों ने पूरे परिवार के सदस्यों के हाथ व पैर रस्सी से बांध दिए। इसके बाद बदमाशों ने आराम के साथ पूरा मकान खंगालना शुरू कर दिया। लुटेरों ने सेफ में रखी 26 हजार रुपये की नगदी समेत सोने व चांदी के जेवरात समेत लाखों की कीमत का सामान लूट लिया। राजवीर से उसका मोबाइल भी छीन लिया। लूटपाट करने के बाद बदमाश जाते समय छीने गए मोबाइल को राजवीर को वापस कर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ितों के शोर मचाने पर पड़ोसियों ने मकान में पहुंचकर पूरे परिवार को बंधकमुक्त किया और घटना की सूचना पुलिस को दी। डकैती की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत गांव में पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर पीड़ित परिजनों से घटना के बारे में जानकारी ली। कार्यवाहक थाना प्रभारी विजय बहादुर सिंह ने बताया कि पीड़ित मंगलवार दोपहर के समय परिजनों को साथ लेकर थाने पहुंचा। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। कार्यवाहक प्रभारी का मानना है कि पीड़ित अपनी मां के हत्याकांड का आरोपी है। डकैती का मामला संदिग्ध भी हो सकता है। डकैती की घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है।