रंगदारी मांगने वाले बदमाश को पकड़ा
मंसूरपुर। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान ठेेकेदार से रंगदारी मांगने वाले बदमाश को गिरफ्तार किया है। जबकि मौके से उसका साथी बदमाश फरार हो गया। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक तमंचा बरामद किया है।
इंस्पेक्टर कुशल पाल सिंह चाहल ने बताया कि डिस्टलरी के ठेकेदार बाले से तीन दिन पूर्व मोबाइल पर बदमाशों ने 15 हजार रुपये प्रतिमाह रंगदारी मांगी थी। पैसे नहीं देने पर बदमाशों ने ठेकेदार को गोली मारकर हत्या करने की भी धमकी दी थी। ठेकेदार ने पुलिस को रंगदारी मांगने की तहरीर भी दी थी। इंस्पेक्टर ने बताया कि मंगलवार रात मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि दो बदमाश गांव सोंटा रेलवे फाटक पर घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने बदमाशों को घेर लिया। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक बदमाश को दबोच लिया गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। पूछताछ के दौरान पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम मिल मंसूरपुर निवासी अमित उर्फ शेरू पुत्र सोहनवीर बताया है। फरार बदमाश जड़ौदा निवासी मालू पुत्र संजय है। पकड़ा गया बदमाश रोहित उर्फ सांडू गैंग का शार्प शूटर है। उसने ठेकेदार से रंगदारी मांगने की घटना को कबूल किया है।