प्रेमी युगल फरार, नसीरपुर गांव में फिर हुआ तनाव
मुजफ्फरनगर। गांधी कॉलोनी की युवती को दूसरे संप्रदाय के नसीरपुर निवासी युवक द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने से पुलिस की टेंशन बढ़ गई। युवक को परिजनों ने पकड़ा तो युवती ने आत्महत्या की धमकी दे डाली। मामला दो संप्रदाय से जुड़ा होने के चलते पुलिस बैकफुट पर है। दोनों की तलाश की जा रही है। वहीं, देर रात युवती घर लौट आई। उसने बताया कि वह घर से बिना बताए अपनी सहेली के घर चली गई थी।
नई मंडी कोतवाली के नसीरपुर गांव में फिर से सांप्रदायिक तनाव के आसार बन गए हैं। इस बार मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। गांधी कॉलोनी निवासी युवती को दूसरे संप्रदाय का युवक भगा ले गया है। आरोपी युवक नसीरपुर में टेलरिंग की दुकान करता है। गांधी कॉलोनी निवासी युवती रविवार सुबह नसीरपुर में टेलर की दुकान पर सूट सिलवाने गई थी। दुकान पर दूसरे संप्रदाय का युवक कपड़े सिलाई का काम करता है। युवक की शादी हो चुकी और चार बच्चों का पिता है, जबकि युवती अविवाहित है। सूट देने के बाद आरोपी युवक बाइक से युवती को उसके घर छोड़ने गया था।
युवक को देख युवती के परिजनों ने उसे पकड़ लिया और पीटना शुरू कर दिया। प्रेमी की पिटाई होते देख युवती ने घर में रखा चाकू गर्दन पर लगा लिया और परिजनों को धमकी देते हुए बोली कि यदि प्रेमी को नहीं छोड़ा गया तो वह आत्महत्या कर लेगी। धमकी से परिजन डर गए और युवक को छोड़ दिया। युवक वहां से भाग गया और कुछ देर बाद युवती भी घर से गायब हो गई। परिजनों ने दोनों की तलाश की, लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। युवती की दादी ने नई मंडी कोतवाली पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। मामला दो संप्रदाय और नसीरपुर से जुड़ा होने के चलते पुलिस की टेंशन बढ़ गई है। पुलिस गांव में पहुंची और दुकानदार से युवक के बारे में पूछताछ की। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है।
प्रेमी युगल की तलाश में कई जगह दबिश
गांधी कॉलोनी की युवती के दूसरे संप्रदाय के नसीरपुर निवासी युवक के साथ चले जाने से मामले ने सांप्रदायिक रंग ले लिया है। एक सप्ताह पूर्व ही गांव में नाली के पानी के विवाद में सांप्रदायिक बवाल हो गया था, जिसमें गोली लगने से पाल समाज के युवक आकाश की जान चली गई थी। नसीरपुर का नाम आते ही पुलिस की पेशानी बढ़ गई है। पुलिस ने प्रेमी युगल को बरामद करने में पूरी ताकत लगा दी है। दोनों की तलाश में कई जगह दबिश दी गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा।