चरथावल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर पति और पत्नी और वो के बीच में हंगामा हो गया। सुल्तानपुर से आई मेडिकल ऑफिसर पत्नी और उसके परिजनों ने बिना तलाक के डाक्टर पति को दूसरी महिला के साथ पकड़े जाने पर हंगामा किया और मारपीट कर दी। सीएचसी परिसर में मौजूद कर्मचारियों ने पत्नी और उसके परिजनों को कार समेत पुलिस के सुपुर्द कर दिया। दोपहर तक थाने में चले ड्रामे के बाद दोनों पक्षों में सुल्तानपुर परिवार न्यायालय में चल रहे तलाक के मुकदमे में सहमति जताकर अलग-अलग रहने पर सहमति बन गई।
सीएचसी पर तैनात एक मेडिकल ऑफिसर का 2015 से अपनी पत्नी से विवाद चल रहा है। पत्नी भी अंबेडकरनगर सीएचसी पर मेडिकल ऑफिसर है। पत्नी द्वारा परिवार न्यायालय में तलाक के केस में पति द्वारा तारीखों पर नहीं आने के कारण आक्रोश था। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे पत्नी अपने परिजनों के साथ सीएचसी पहुंच गई। पत्नी ने यहां बिना तलाक के दूसरी महिला के साथ डाक्टर को कमरे में देख आपा खो दिया। इस बीच दोनों पक्षों में हंगामा के बाद मारपीट शुरू हो गई। डाक्टर का आरोप था कि पत्नी और उसके भाइयों ने उन्हें बुरी तरह पीटा है। इस पर सीएचसी के तमाम स्वास्थ्य कर्मचारियों में गुस्सा फैल गया। उन्होंने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर हंगामा किया। घंटों हंगामे के बाद दोपहर बाद दोनों पक्षों में परस्पर सहमति से तलाक लेने पर रजामंदी हुई। यह भी तय हुआ कि पत्नी द्वारा सुल्तानपुर परिवार न्यायालय में लंबित तलाक के मुकदमे में पति नियत तिथि पर उपस्थित होकर सहमति जता देगा। इसके साथ ही मारपीट के मामले का पटाक्षेप हो गया।
हालांकि थानाध्यक्ष सूबे सिंह यादव ने डाक्टर की पिटाई करने के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए चुटैल डॉक्टर का मेडिकल कराया। लेकिन पति-पत्नी के विवाद के कारण दूधली प्रधान के पति रविंद्र सिंह आदि मोअज्जिज लोगों ने सुलहनामा करा दिया।