देवबंद (सहारनपुर)। नगर के एक मोहल्ला में मदरसा संचालक द्वारा एक छात्र के साथ कुकर्म किए जाने का आरोप लगाते हुए बालक के परिजनों ने हंगामा किया। बताया गया है कि मामला बातचीत से ही निपट गया। जिसके चलते बालक के परिजनों ने कार्रवाई को पुलिस को तहरीर नहीं दी।
क्षेत्र के एक गांव निवासी 12 वर्षीय बालक नगर के एक मोहल्ला में स्थित मदरसे में पढ़ता है। मंगलवार को बालक ने परिजनों को जानकारी दी कि मदरसा संचालक ने उसके साथ गलत काम किया है। जानकारी मिलते ही परिजन काफी लोगों के साथ मदरसा संचालक के घर पहुंचे और हंगामा करना शुरु कर दिया। जिसके चलते वहां काफी संख्या में मोहल्लावासी भी जमा हो गए। इस दौरान वहां कुछ जिम्मेदार लोग पहुंचे और उन्होंने गुस्साए लोगों को समझाकर शांत किया तथा बैठकर बातचीत करने को कहा। बताया गया है कि घंटों हुई बातचीत के बाद मामले को रफा दफा कर दिया। जिसके चलते परिजनों ने मदरसा संचालक के विरुद्ध कार्रवाई करने को कोई तहरीर भी नहीं दी। वहीं, पुलिस का कहना है कि उसे मामले की जानकारी नहीं है। यदि कोई शिकायत लेकर पहुंचता है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।