दिल्ली पुलिस में भर्ती के नाम पर ठगे चार लाख
मीरापुर। एक युवक ने दिल्ली पुलिस में भर्ती कराने के नाम पर चार लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
ककरौली थाना क्षेत्र के गांव जड़वड़ निवासी अनुज कुमार पुत्र अनिल कुमार ने थाने में तहरीर देकर बताया कि कस्बे के मोहल्ला मुश्तर्क निवासी एक युवक ने जनवरी 2018 में दिल्ली पुलिस में भर्ती कराने के नाम पर उससे चार लाख रुपये लिए थे। आरोपी युवक ने रुपये लेने के बाद न तो उसे भर्ती कराया और न ही उसके रुपये वापस किए। बृहस्पतिवार को अनुज अपने रुपये मांगने आरोपी के घर गया तो उसने गालीगलौज कर उसकी हत्या करने की धमकी दी। अनुज की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। बताया जाता है कि आरोपी युवक नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का सदस्य है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।