लूटपाट की वारदातों पर भड़के अधिवक्ता
मुजफ्फरनगर। शहर क्षेत्र में नोटरी अधिवक्ता के घर वृद्ध दंपती को बंधक बनाकर लूटपाट और अंसारी रोड पर वरिष्ठ अधिवक्ता की पत्नी से चेन लूट की घटनाओं से भड़के जिला बार संघ के अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर में प्रदर्शन कर एडीएम (वित्त) को ज्ञापन सौंपा। गुस्साए अधिवक्ताओं ने घटनाओं के जल्द खुलासे के साथ ही एसएसपी सुधीर कुमार सिंह पर कानून व्यवस्था संभाल पाने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए उनके तबादले की मांग की।
जिला बार संघ के अधिवक्ता सोमवार सुबह फैंथम हॉल में इकट्ठा हुए, जहां नोटरी अधिवक्ता उर्मिला शर्मा व उनके पति सेवानिवृत्त डॉक्टर प्रेमदत्त शर्मा को बंधक बनाकर की गई लूटपाट के साथ ही वरिष्ठ अधिवक्ता दुष्यंत सिंह की पत्नी से अंसारी रोड पर हुई चेन लूट पर नाराजगी व्यक्त की गई। इसके बाद जिला बार संघ अध्यक्ष सैय्यद नसीर हैदर काजमी व महासचिव प्रदीप कुमार मलिक के नेतृत्व में अधिवक्ता कचहरी परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए एडीएम (वित्त) आलोक सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन में जिला बार संघ और सिविल बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं अधिवक्ता शामिल रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन के माध्यम से अधिवक्ताओं ने उक्त दोनों लूट की वारदातों का जल्द खुलासा करने की मांग की। इसके साथ ही एसएसपी सुधीर कुमार सिंह पर जनपद की कानून व्यवस्था संभालने में नाकाम रहने का आरोप लगाते हुए उनका स्थानांतरण किए जाने की भी मांग की गई। इसके साथ ही बुढ़ाना में अधिवक्ता मेहराज पर हुए हमले पर भी नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में सिविल बार अध्यक्ष अनिल कुमार दीक्षित, महासचिव बिजेंद्र सिंह मलिक, जिला बार संघ अध्यक्ष सैय्यद नसीर हैदर काजमी, महासचिव प्रदीप कुमार मलिक समेत काफी संख्या में अधिवक्ता शामिल रहे।