महिला के उत्पीड़न पर पति का चालान
जानसठ। पत्नी द्वारा मायके से शराब के लिए पैसे नहीं लाने पर पति ने मारपीट कर उसे बच्चों सहित घर से निकाल दिया। रविवार को महिला के मायके वालों ने पति को शराब के ठेका से पकड़कर पुलिस को सौंपा दिया और कार्रवाई की मांग की है।
रविवार को जिला मेरठ के मिमलाना निवासी नीना पुत्री पप्पू अपने परिजनों के साथ थाने में अपने पति को पुलिस को सौंपा दिया। पीड़िता ने तहरीर देकर बताया कि आठ साल पहले उसकी शादी गांव तालड़ा निवासी अमन पुत्र दिलेराम के साथ हुई थी। पीड़िता के चार बच्चे हैं। मजदूरी कर अपने बच्चों का पालन पोषण करती है। तीन साल पूर्व पति काम धंधा छोड़ शराब पीने का आदी हो गया। वह कई बार पति को अपने मायके से पैसे लाकर दे चुकी है। शनिवार को पति द्वारा शराब के लिए अपने मायके से पैसे लाकर देने की मांग करने लगा। जब उसने पैसे लाने से मना किया, तो पति द्वारा मारपीट कर चार बच्चों के साथ घर से निकाल दिया। वह बड़ी मुश्किल से मायके पहुंची और परिजनों को सारी बात बताई। रविवार को महिला व परिजनों ने अमन को एक शराब के ठेका से पकड़ लिया और थाने लाकर पुलिस को सौंप दिया। महिला ने तहरीर देकर पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया है।