गांव पिमौड़ा प्रकरण में विवाद पर विराम लगा
जानसठ। गांव पिमौड़ा में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट व पथराव के मामले में आपस में समझौता होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली है। गांव में सुरक्षा की दृष्टि से पीएसी व पुलिस बल तैनात है।
शनिवार को देर रात फरमान पुत्र इनायत अली व तिलोक चंद पुत्र हरिचंद के बच्चों में विवाद हो गया था, जिसके चलते दोनों समुदाय के लोगों के बीच रात में ही मारपीट के बाद जमकर पथराव हुआ था। इसको लेकर गांव में तनाव व्याप्त हो गया था। सीओ सोमेंद्र नेगी, इंस्पेक्टर संतोष कुमार त्यागी तथा कई थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बमुश्किल स्थिति को संभाला था। पथराव में युवती सहित दो ग्रामीण घायल हो गए थे। सोमवार को गांव के गणमान्य लोगों ने कोतवाली पहुंचकर दोनों पक्षों में समझौता होने की जानकारी इंस्पेक्टर संतोष कुमार त्यागी को दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों पक्षों में विवाद हो गया था और आरोप प्रत्यारोप भी लगाए गए थे। किसी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी थी। अब दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। अब कोई विवाद नहीं रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पीएसी व पुलिस बल तैनात है।