रतनपुरी/खतौली। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर गांव सठेड़ी गंगनहर पुल के पास कंटेनर की स्क्रैप से भरी ट्राली से टक्कर हो गई। हादसे में कंटेनर में सवार एक व्यक्ति की मौत और चालक और क्लीनर गंभीर रुप से घायल। घायलों को हास्पिटल में भर्ती कराया गया।
थाना रतनपुरी इंस्पेक्टर कमल सिंह चौहान ने बताया कि आगरा के थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव गुबरोह निवासी चरण सिंह पुत्र प्रताप सिंह कंटेनर में माल लादकर मेरठ से मुजफ्फरनगर की तरफ जा रहा था। कंटेनर को चालक सुमेर सिंह पुत्र भीकम सिंह निवासी गांव बरदनिया थाना भौगांव, जिला मैनपुरी चला रहा था। उसके साथ क्लीनर अनूप दुबे पुत्र प्रमोद दुबे निवासी गांव जगतपुरी थाना बिछवा जिला मैनपुरी के साथ आगरा के थाना फतेहाबाद के गांव गुबरोह निवासी चरण सिंह पुत्र प्रताप सिंह भी सवार थे। सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे ये लोग रतनपुरी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर सठेडी गंगनहर के पास पहुंचे। तो आगे चले रहे स्क्रैप से भरी ट्रॉली चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिससे कंटेनर ट्रॉली में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आगे वाले ट्रॉली में लदा माल सड़क किनारे खेतों में बिखर गया। इस भीषण टक्कर में कंटेनर में सवार चरण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चालक सुमेर सिंह और क्लीनर अनूप दुबे गंभीर रुप से घायल हो गए।
राहगीरों ने हादसे की सूचना हाईवे पुलिस को दी। सूचना पर भंगेला पुलिस चौकी से खतौली पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद रतनपुरी इंस्पेक्टर भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को ट्रक से बाहर निकाला। दोनों घायलों को हाईवे स्थित सेंट फ्रांसिस अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद ट्रॉला चालक व उसका हैल्पर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मृतक चरण सिंह के परिजनों को सूचना दी। हादसे में सामान सड़क पर बिखरने से यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रकों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। मृतक के भाई संजय पुत्र प्रताप सिंह ने अज्ञात ट्राली चालक के विरुद्ध लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुकदमा पंजीकृत कराया है।