मुठभेड़ में बदमाश पकड़ा, एक बदमाश फरार
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। पुलिस ने मुठभेड़ में बाइक सवार बदमाश को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। मुठभेड़ में पुलिस की गोली पैर में लगने से बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने फरार बदमाश को पकड़ने के लिए घंटों जंगलों में कांबिंग की, लेकिन बदमाश हत्थे नहीं चढ़ सका। मुठभेड़ की सूचना पर एसपी देहात आलोक शर्मा भी मौके पर पहुंचे।
एसपी देहात आलोक शर्मा ने पत्रकारों को बताया कि शनिवार की देर रात में मीरापुर दलपत पुलिस चौकी पर एसआई आदित्य कुमार व एसआई संजय कुमार पुलिस बल के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान एक बाइक पर दो युवक पुलिस को आते हुए दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों युवक बाइक को वापस मोड़कर भागने लगे। बाइक सवार दोनों बदमाश गांव बसायच मार्ग की ओर भाग निकले। इसी दौरान इंस्पेक्टर संतोष कुमार त्यागी गश्त करते हुए बसायच मार्ग की ओर जा रहे थे। पुलिस की जीप को देखकर बदमाश बाइक लेकर बसायच व अहरोड़ा के जंगल की ओर भागने लगे। इंस्पेक्टर ने बाइक सवार बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग करनी प्रारंभ कर दी। पुलिस ने बदमाशों को घेर लिया और जवाब में फायरिंग करनी शुरू कर दी। मुठभेड़ में पुलिस की गोली एक बदमाश के पैर में लगी। गोली लगते ही दोनों बदमाश बाइक सहित नीचे गिर पड़े। पुलिस ने घायल बदमाश को दबोच लिया, जबकि दूसरा बदमाश जंगलों के रास्तों से फरार हो गया। पुलिस ने फरार बदमाश को पकड़ने के लिए घंटों जंगलों में कांबिंग की। इसके बावजूद बदमाश पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका। पूछताछ करने पर पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम मंसूरपुर निवासी साजिद पुत्र इस्माइल बताया है। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से बाइक, तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं।
बदमाश पर कई मुकदमे दर्ज
इंस्पेक्टर संतोष कुमार त्यागी ने बताया कि पकड़ा गया साजिद शातिर किस्म का बदमाश है। इस बदमाश पर थाना जानसठ, मंसूरपुर, खतौली में लूट, राहजनी, डकैती व चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा बदमाश साजिद का अपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। फरार बदमाश को पकडऩे के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। शीघ्र ही फरार बदमाश को पकड़ लिया जाएगा। घायल बदमाश साजिद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।