मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती परिजनों के साथ ईंट-भट्ठे पर काम करती थी। भट्ठे पर ही बरेली जनपद निवासी एक युवक भी काम करता था, जिसके साथ युवती के प्रेम संबंध हो गए। कुछ दिन पूर्व युवती अपने रिश्तेदार के घर रहने के लिए आई थी, जहां से वह शाम के समय संदिग्ध हालात में लापता हो गई। परिजन व रिश्तेदार गुपचुप तरीके से उसकी तलाश में जुट रहे, लेकिन उसका पता नहीं चला। उधर, शनिवार सुबह जौली रोड पर युवक-युवती को संदिग्ध हालात में घूमते देख राहगीरों ने पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी। डायल-100 मौके पर पहुंची और प्रेमी युगल को नई मंडी कोतवाली ले आई। पूछताछ में मामले की जानकारी होने पर पुलिस ने उसके परिजन व रिश्तेदारों को सूचना दी। परिजन भी थाने आ पहुंचे। थाने में युवती को परिजनों ने साथ ले जाने का प्रयास किया, लेकिन वह हर हाल में प्रेमी संग ही जाने की जिद पर अड़ गई। घंटों की गहमागहमी के बाद आखिरकार युवती को किसी तरह समझा-बुझाकर उसके पिता की सुपुर्दगी में सौंपा गया। वहीं, बरेली निवासी युवक का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया गया।