मुजफ्फरनगर। ककरौली पुलिस ने मुठभेड़ में तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की नौ बाइक बरामद की हैं। तीनों आरोपी दिल्ली, हरियाणा व यूपी के अलग-अलग शहरों में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में शुक्रवार दोपहर प्रेसवार्ता करते हुए एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार रात ककरौली थाने के एसआई तारिक वसीम व आनंद पोसवाल टीम के साथ चौरावाला-मीरावाला मार्ग पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान दो बाइकों पर आते तीन युवकों को रोकने का प्रयास किया गया तो वे पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने लगे। इस पर घेराबंदी करते हुए तीनों को दबोच लिया गया। एसएसपी के शब्दों में, पकड़े गए युवकों में गांव इलाहाबास निवासी अंकित, गांव किशनपुर निवासी अमजद व बिहारगढ़ निवासी भीम हैं, जिनके पास से दो तमंचे, कारतूस व एक चाकू बरामद हुआ। आरोपियों के पास से बरामद दोनों बाइक जांच में चोरी की पाई गई। आरोपियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर ईख के खेत में छिपाई गईं सात ओर चोरी की बाइक बरामद की गईं। पकड़े गए बदमाश दिल्ली, हरियाणा व यूपी के अलग-अलग शहरों से बाइक चोरी कर उन्हें आगे बेच देते थे। एसएसपी ने वाहन चोर पकड़ने वाली पुलिस टीम की हौसलाअफजाई भी की।