घर के ताले तोड़कर नकदी-जेवर चोरी
भोपा। ईंट-भट्ठे पर काम करने पंजाब गए परिवार की गैर मौजूदगी में बदमाशों ने बंद मकान के ताले तोड़कर हजारों की नकदी व जेवरात समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।
थाना क्षेत्र के गांव बेहड़ा थ्रू निवासी विपिन कुमार ने तहरीर देते हुए बताया कि वह कई माह से परिजनों के साथ पंजाब में ईंट-भट्ठे पर ईंट पथाई का कार्य कर रहा है। गांव में स्थित उसके मकान में ताला लगा हुआ है। पीड़ित का कहना है कि 18 मई की देर रात बदमाश उसके मकान में लगे ताले तोड़कर भीतर घुस गए और अंदर रखे 75 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात, कीमती कपड़े व अन्य सामान चोरी कर लिया। अगले दिन घर के ताले टूटे देख पड़ोसी ने विपिन को कॉल कर घटना की जानकारी दी, जिस पर पीड़ित घर लौटा। पीड़ित ने तहरीर देते हुए गांव के ही एक युवक पर चोरी करने का शक जताते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।