घर में बैठे भाकियू नेता पर फायरिंग
तितावी। लालूखेड़ी में युवक ने रंजिश के चलते घर में बैठे भाकियू नेता पर फायरिंग कर दी, जिसमें वह बाल-बाल बच गए। भाकियू पदाधिकारी के भाई ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया, जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
थाना क्षेत्र के गांव लालूूखेड़ी निवासी विपुल निर्वाल भारतीय किसान यूनियन के ब्लॉक अध्यक्ष पद पर है। मंगलवार शाम के समय विपुल अपने घर पर बैठा हुआ था। उसी समय गांव का ही परमिंदर उर्फ मिंटा नामक युवक बुलेट से वहां पहुंचा और अंटी से तमंचा निकालकर विपुल पर फायरिंग कर दी, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। विपुल के शोर मचाने पर पीछे से पहुंचे उसके भाई परणवीर ने आरोपी परमिंदर उर्फ मिंटा को मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद आरोपी को एक कमरे में बंद कर पुलिस को सूचना दी गई, जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तमंचा-खोखा बरामद कर लिया गया है। मामले में विपुल निर्वाल की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ कातिलाना हमले की रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं, विपुल का कहना है कि परमिंदर उर्फ मिंटा से उसकी पुरानी रंजिश है। आरोपी पहले भी एक बार उस पर हमला कर चुका है, जिसकी रिपोर्ट दर्ज हैं, लेकिन वह अब तक फरार चल रहा था।