केरोसिन की कालाबाजारी पर आरोपी को भेजा जेल
मुजफ्फरनगर। जानसठ के मोहल्ला बेरियान में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के खाद्यान्न और केरोसिन कालाबाजारी करने के आरोप में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया। इस मामले में पूर्ति निरीक्षक और थोक विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए एसडीएम से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। डीएम ने इस मामले की पूरी रिपोर्ट तलब की है। शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। संतोषजनक उत्तर प्राप्त न होने की पर आगामी माह केरोसिन के उठान पर भी पाबंदी रहेगी।
डीएम अजय शंकर पांडेय ने बताया कि प्राप्त सूचना के आधार पर जानसठ से मोहल्ला बेरियान में यूनुस के गोदाम पर छापा मारा गया। वहां आठ ड्रम मिले। इनमें से छह ड्रमों में 1200 लीटर केरोसिन पाया गया तथा दो ड्रम खाली थे। गोदाम में 18 जूट के कट्टों में प्रत्येक कट्टे में 50 किग्रा चावल व दो प्लास्टिक के खुले कट्टों मे 50-50 किग्रा चावल भरा पाया गया। छापे के दौरान चावल वाले जूट के कट्टों पर गर्वमेंट ऑफ हरियाणा की छाप अंकित पाई गई, जो प्रथम दृष्टया सार्वजनिक वितरण प्रणाली का चावल प्रतीत होता है। डीएम ने बताया कि मौके पर यूनुस द्वारा अपने गोदाम में रखे चावल व मिट्टी तेल से संबंधित, लाइसेंस व खरीद-फरोख्त से संबंधित कागजात नहीं दिखाए गए। यूनुस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। मौके पर प्राप्त राशन व मिट्टी का तेल उचित दर विक्रेता चंद्रो देवी कस्बा जानसठ की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। पूर्ति निरीक्षक और थोक विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही एसडीएम जानसठ से भी इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है। डीएम ने कहा कि राशन व मिट्टी तेल में कालाबाजारी पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।