धोखाधड़ी के आरोपी जयकुमार जैन ने किया सरेंडर
मुजफ्फरनगर। शहर के कारोबारियों से करोड़ों रुपये हड़पने के आरोपी जयकुमार जैन ने सोमवार को पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर कर दिया, जिसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला प्रेमपुरी निवासी जयकुमार जैन के खिलाफ कुछ कारोबारियों ने करोड़ों रुपये हड़पने के आरोप में कुछ दिन पूर्व रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कारोबारियों के अनुसार जयकुमार जैन ने कारोबार संबंधी लेनदेन में करोड़ों रुपये लिए और हड़प कर गया। रुपये लौटाने का दबाव बनाए जाने पर आरोपी घर से फरार हो गया था। मामले को लेकर पीड़ित कारोबारियों ने कई बार पुलिस ऑफिस के साथ ही शहर कोतवाली में भी हंगामा-प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद, एसएसपी सुधीर कुमार सिंह के निर्देश पर थाना पुलिस ने जयकुमार जैन के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। पुलिस तभी से आरोपी की तलाश भी कर रही थी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा। सोमवार को आरोपी जयकुमार जैन ने पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर कर दिया, जिसे कोर्ट से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि धोखाधड़ी के आरोपी जयकुमार जैन ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है, जिसे अब रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।