दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पति ने तलाक दिया
खतौली। ससुराल वालों ने अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता की हत्या करने का प्रयास किया। आरोप है कि पति ने तीन तलाक कहकर उसको तलाक दे दिया और घर से बाहर निकाल दिया है। पीड़िता विवाहिता का निकाह मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मेरठ के युवक से निकाह हुआ था। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति सहित छह ससुराल वालों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मोहल्ला इस्लामनगर निवासी जोया परवीन पुत्री जमालुद्दीन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 28 मार्च को मुजफ्फरनगर के नुमाइश ग्राउंड में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में उसका निकाह मेरठ के थाना ब्रहमपुरी के मोहल्ला तारापुरी निवासी गुलफाम पुत्र असगर के साथ हुआ था। निकाह के बाद ही ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज में दो लाख रुपये के साथ सामान की मांग करने लगे थे। दहेज नहीं देने पर ससुराल के लोग उसको प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि देवर उसके साथ छेड़छाड़ भी करता था। 15 मई को दहेज की मांग पूरी नहीं होने ससुराल वालों ने उसकी हत्या करने का प्रयास किया। आरोप है कि पति ने तीन बार तलाक कहकर उसको तलाक दे दिया और मारपीट करके घर से बाहर निकाल दिया। ससुराल वाले अब मायके वालों को भी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति सहित छह ससुरालियों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्जकर लिया है।