देवबंद (सहारनपुर)। नगर में सोमवार की रात बदमाशों ने जमकर कहर बरपाया। होमगार्ड के घर में घुसे हथियारों से लैस नकाबपोश बदमाशों ने परिवार और मेरठ से आए मेहमानों को गनप्वाइंट पर लेकर हजारों रुपये की नगदी व लाखों रुपये के सोने चांदी के आभूषण लूट लिए। बदमाशों ने एक लोहे के गेट बनाने के कारखाने में घुसकर उसके मालिक और नौकर से हजारों रुपये लूट लिए। इसके अलावा दो गन्ना कोल्हुओं पर भी बदमाशों ने जमकर लूटपाट की। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सोमवार की रात्रि करीब एक बजे हथियारों से लैस नकाबपोश बदमाश मोहल्ला सराय मालियान में कोतवाली में तैनात होमगार्ड राव खुर्शीद के घर में दीवार फांदकर घुस गए। बदमाशों ने घर में घुसते ही कमरों में सो रहे होमगार्ड के पिता अली बहादुर, पत्नी निगहत बानो और मेरठ के किठौर निवासी बहनोई मो. राशिद सहित पूरे परिवार को बंधक बना लिया। जिसके बाद बदमाशों ने होमगार्ड की पत्नी निगहत बानो की कनपटी पर तमंचा सटाया और जान से मारने की धमकी देते हुए उससे सेफ अलमारी की चाबी ली और उन्होंने अलमारी में रखी करीब 35 हजार रुपये की नगदी व करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत के सोने चांदी के आभूषण लूट लिए। इसके बाद बदमाश इसी मोहल्ले में स्थित लोहे के गेट बनाने के कारखाने में पहुंचे। जहां सो रहे कारखाना मालिक गयासुद्दीन और उसके चालक को उन्होंने गनप्वाइंट पर लेकर उनसे करीब 50 हजार रुपये की नगदी लूट ली। जबकि इससे पूर्व बदमाशों ने देवबंद मंगलौर मार्ग पर स्थित दो गन्ना कोल्हुओं पर तीन लोगों से हजारों रुपये की लूट की। होमगार्ड के घर समेत कई स्थानों पर हुई डकैती की वारदात की जानकारी जब पुलिस को हुई तो सीओ अजय शर्मा व इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूछताछ करते हुए बदमाशों की तलाश में घंटों कांबिंग की। इस दौरान सहारनपुर से डॉग स्क्वाड को भी बुलाया गया, लेकिन बदमाशों की कोई जानकारी नहीं मिली। इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि लूटपाट के मामले में कारखाना स्वामी गयासुद्दीन की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। होमगार्ड की तहरीर को भी उसमें शामिल किया गया है। कहा कि संभावना है की लूटपाट करने वाले बदमाश स्थानीय है। जांच की जा रही है।
पीड़ित बोला बदमाशों की संख्या थी 7, पुलिस बता रही 4
देवबंद। होमगार्ड के बहनोई मो. राशिद ने बताया कि घर में घुसे बदमाशों की संख्या 7 थी। पांच बदमाश भीतर घुसे हुए थे। जबकि दो मेनगेट पर पहरा दे रहे थे। वहीं, इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह बदमाशों की संख्या महज तीन से चार ही बता रहे हैं। उनका कहना है कि खुलासे के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।
मुस्लिम फंड में जेवर रखने के लिए लाया था वो भी लूट गया : राशिद
देवबंद। होमगार्ड का बहनोई राशिद सोमवार को मेरठ से देवबंद आया था। उसे पैसे की जरूरत थी और वह मुस्लिम फंड में सोने चांदी के जेवर रखकर पैसे लेने के लिए आया था। बदमाश उसके जेवर भी लूटकर ले गए।
होमगार्ड कर रहा था डायल-100 पर ड्यूटी, परिवार लूट गया
देवबंद। होमगार्ड राव खुर्शीद सोमवार की रात्रि 10 बजकर 30 मिनट पर घर से खाना खाकर सिपाही इकबाल के साथ ड्यूटी करने के लिए डायल-100 पर निकला था। वह नगर के लोगों की सुरक्षा में ड्यूटी करता रहा और बदमाश उसी के परिवार से लूटपाट कर फरार हो गए। रात्रि एक बजे के बाद परिवार के लोगों ने उसे फोन कर घटना की जानकारी दी।