नशीले पदार्थों के साथ तस्कर दबोचा
मीरापुर। पुलिस ने दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग की बीआईटी चेक पोस्ट के निकट चेकिंग के दौरान तस्कर को दस किलो डोडा तथा पांच ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा। आरोपी से बरामद बाइक भी चोरी की बताई गई। बरामद नशीले पदार्थ की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है।
एसओ मनोज चौधरी ने बताया कि वह एसआई विनोद कुमार, यूनुस खान, सिपाही मनोज कुमार, सन्नी, रविन्द्र व धर्मेन्द्र आदि के साथ दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर बीआईटी चेकपोस्ट के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ककरौली की तरफ से बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोका तो उसने बाइक छोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। उसकी बाइक पर बंधे एक कट्टे में दस किलो पोस्ट डोडा व पैंट की जेब से पांच ग्राम स्मैक बरामद की गई। पकड़ा गया तस्कर सलमान उर्फ मोना पुत्र इरतजा निवासी मोहल्ला कस्सावान पुरकाजी का बदमाश था। आरोपी के विरुद्ध थाना पुरकाजी में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके कब्जे से एक तमंचा तथा चार जिंदा कारतूस व एक बाइक बरामद की गई। इस संबंध में सीओ जानसठ सोमेंद्र कुमार नेगी ने भी पूछताछ की। बाद में आरोपी को जेल भेज दिया गया।