मेडिकल के छात्रों से मारपीट
मंसूरपुर। मुजफ्फरनगर मेडिकल कालेज बेगराजपुर में मामूली कहासुनी होने पर छात्रों के बीच आपस में मारपीट हो गई। एक छात्र के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मुजफ्फरनगर मेडिकल कालेज बेगराजपुर एमबीबीएस 2014 बैच के छात्र दाउद तस्लीम ने तहरीर देते हुए बताया कि सोमवार की रात 11 बजे वह अपने कमरे में अपने रूम पार्टनर आयुष के साथ बैठ कर खाना खा रहा था, तभी 2013 बैच का छात्र विशाल आया और उसके साथ मारपीट कर दी। शोर सुनकर बराबर के कमरे का दूसरा छात्र अभिजीत यादव उसे छुड़ाने के लिए आया तो, उसने हम दोनों को धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। दरोगा संजय यादव का कहना है कि छात्र से तहरीर ले ली गई है और मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
उच्च प्राथमिक विद्यालय में ड्रेस बांटी
जानसठ। उच्च प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को नि:शुल्क ड्रेस वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय की प्रधानाध्यापक सुनीता ने बताया कि शासन द्वारा बच्चों को ड्रेस भेजी गई थी, जो बच्चों को वितरित कर दी गई है। कुछ बच्चों को ड्रेस छोटी या बड़ी आने पर ड्रेस नहीं दी गई है। एक दो दिन में ड्रेस मंगवाकर दे दी जाएगी। वहीं, स्कूल की अध्यापिका पिंकी व विभूति ने बताया कि कक्षा 6 के बच्चों को अभी तक पाठ्यक्रम की पुस्तकें नहीं मिली है और कक्षा 7 व 8 के बच्चों को संस्कृत, अंग्रेजी, गणित की पुस्तकें नहीं दी गई है। पुराने बच्चों से किताबें लेकर बच्चों को पढ़ाया जा रहा है। एबीएसए नीलम तोमर ने बताया कि बच्चों को किताबों की समस्या को लेकर अधिकारियों को अवगत करा दिया गया था। शीघ्र ही किताबें मंगवाकर वितरित करा दी जाएगी।