मुठभेड़ में पकड़े शूटर पर चार मुकदमे दर्ज
मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)।
पुलिस मुठभेड़ में पकड़े गए 20 हजार रुपये के इनामी शूटर पर पुलिस ने तीन मुकदमे दर्ज किए, जबकि एक मुकदमा कारोबारी यशपाल राठी हत्याकांड में दर्ज मुकदमे के वादी गुड्डू ने दर्ज कराया है।
शनिवार को गांव सोंटा निवासी कारोबारी यशपाल राठी मर्डर केस के वादी भैंसी निवासी गुड्डू व उसके साथी सागर पर सोंटा रोड पर बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली चला दी थी। बाइक पर गोली चलाकर फरार होने वाले बदमाशों को क्राइम ब्रांच व मंसूरपुर पुलिस ने मुठभेड़ में घेर लिया था। मुठभेड़ में यशपाल राठी की गोली मारकर हत्या करने वाले वांछित 20 हजार रुपये के इनामी शूटर हापुड़ के गांव औरंगाबाद निवासी कपिल गुर्जर को पकड़ लिया था, जबकि उसका दूसरा साथी फरार हो गया था। शूटर कपिल गुर्जर के पैर में पुलिस की गोली लगी थी। घायल शूटर का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। इंस्पेक्टर केपीएस चाहल ने बताया कि कपिल गुर्जर के खिलाफ एक मुकदमा वादी गुड्डू ने जानलेवा हमला करने का दर्ज कराया है। पुलिस की ओर से तीन मुकदमे पुलिस पर फायरिंग करना, अवैध रूप से हथियार रखना एवं चोरी की बाइक बरामद होने का दर्ज किया है।