मुजफ्फरनगर। आबकारी विभाग को बड़ी सफलता हासिल हुई है। टीम ने नईमंडी कोतवाली क्षेत्र में भोपा रोड पर मखियाली के पास से करीब 15 लाख रुपये कीमत की तस्करी कर लाई जा रही शराब बरामद की है, जबकि आरोपी फरार हो गए।
डीएम जीएस प्रियदर्शी के निर्देश पर आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान चला रखा है। जिला आबकारी अधिकारी अखिलेश कुमार सिंह के निर्देशन में आबकारी निरीक्षक त्रिभवन सिंह और आलोक कुमार सिंह ने भारी मात्रा में अवैध शराब पकड़ी है। चेकिंग के दौरान टीम ने नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के भोपा रोड स्थित मखियाली गांव के पास आइशर केंटर से तस्करी कर ले जाई जा रही 400 पेटी रैस व्हिस्की की बरामद की, जो तस्कर बड़े ही शातिराना अंदाज से मुरमुरो के कट्टों के नीचे छिपाकर बिजनौर ले जाई जा रही थी। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि बरामद शराब की कीमत 15 लाख से अधिक की है। इस कार्रवाई के दौरान शराब तस्कर केंटर छोड़कर फरार हो गए।
वारंटी को पकड़ा
छपार। गांव बरला निवासी कादिर पर एक वर्ष पूर्व गांव से ही एक अविवाहित युवती को भगाकर रेप करने का अभियोग अदालत में चल रहा है। आरोपी मुकदमे में तारीख पर नहीं जा रहा था। अदालत से उसकी गिरफ्तारी के वारंट थाने पहुंचने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है।