नसीरपुर कांड में तीन आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। नसीरपुर कांड में मृतक के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही छह लोगों के खिलाफ बलवा, हत्या और जानलेवा हमला करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। एसएसपी ने बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, बाकी की तलाश में पुलिस टीमें भेजी गई हैं।
नसीरपुर में सोमवार की देर रात हुए सांप्रदायिक बवाल में जेएनएम के छात्र आकाश की गोली लगने से मौत हो गई थी और पिता ब्रजपाल भी गंभीर रूप से घायल हो गया था। मामले में मृतक के चाचा हरबीर सिंह ने तहरीर दी थी। पुलिस ने तहरीर के अनुसार गांव के शहजाद पुत्र दिन्ना, साजिद पुत्र बब्बू, ढोला पुत्र इसरार, कादर पुत्र इमामुदीन, यासीन पुत्र मीनू और इसरार के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला करना आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होते ही आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिशें दी। एसएसपी अनंत देव ने बताया कि शहजाद, ढोला और इसरार तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी की तलाश में पुलिस टीमें बाहर भेजी गई हैं। गांव में पूरी तरह शांति है। किसी भी दोषी का बख्शा नहीं जाएगा। सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है। उत्तेजक पोस्ट डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी