पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया
भोपा। शुक्रताल गंगा स्नान मेले में भीम आर्मी और जय सिंधू संग के बैनर लगा कर लोगों को भ्रमित करने तथा आपसी सौहार्द बिगाड़ने के साथ-साथ लोगों से धन हड़पने के आरोप में आधा दर्जन लोगों के विरुद्ध मुकदमा कायम किया गया। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश देते हुए कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है।
भोपा थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया की शनिवार को शुक्रताल गंगा स्नान मेले में एक शिविर में भीम आर्मी व सिंधू संग के बैनर आदि लगा कर कुछ युवा शांति सौहार्द बिगाड़ने और सहारनपुर के दलित पीड़ितों के लिए चंदे के नाम पर धन हड़पने का काम कर रहे थे। इसी आरोप में जौली निवासी अमित पुत्र श्यामू सहित आधा दर्जन अज्ञात लोगों के विरुद्ध शुक्रताल चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार ने आईपीसी की धारा 153/420 के तहत मुकदमा कायम कराते हुए मौके से बैनर, पर्चे, दानपात्र के लिए रखे गए कनस्तर आदि कब्जे में ले लिए है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले रखा है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने शिविर के मुख्य कर्ताधर्ता को भी गिरफ्तार करते हुए कई ग्रामों के युवाओं को भी इस आरोप में हिरासत लिया है।