बच्ची के साथ दुष्कर्म
रतनपुरी/खतौली। क्षेत्र के एक गांव में रिश्ते में लगने वाले ताऊ ने ही नौ साल की बच्ची को गन्ने के खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस घटना को लेकर पीड़िता के परिवार में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ करके पीड़िता बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है।
शनिवार को रतनपुरी क्षेत्र के एक गांव में रिश्ते का ताऊ अपनी नौ साल की भतीजी को बहला फुसला करके जंगल में गन्ने के खेत में ले गया। खेत में ताऊ ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया था। ग्रामीणों ने खेत में बदहवास हालत में बच्ची को देखा। ग्रामीणों ने घटना के बारे में बच्ची के परिजनों को खबर की। खबर मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। बच्ची को होश आने पर उसने अपने परिजनों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इस घटना को लेकर परिजनों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी ताऊ को पकड़ लिया। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने पर आरोपी के विरुद्ध दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया जाएगा।