चोरी की बाइक व तमंचे के साथ दबोचा
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने शाहबुद्दीनपुर रोड पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार युवक को शक के आधार पर रोका। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी मोहल्ला खालापार निवासी जुल्फिकार पुत्र अलीशेर है, जिसके पास से तमंचा-कारतूस बरामद किए गए। आरोपी के पास से बरामद की गई बाइक भी जांच में चोरी की पाई गई, जिस पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
दुकान खाली करने को लेकर भिड़े
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लद्दावाला निवासी शाहबाज, तनवीर व आरिफ का दूसरे पक्ष के शाहरुख से दुकान खाली करने को लेकर विवाद चल रहा है। शुक्रवार शाम दोनों पक्ष इसे लेकर आमने-सामने आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों लोगों को हिरासत में ले लिया, जिनका शनिवार को शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया गया। वहीं, मोहल्ला रामपुरी निवासी शलभ त्यागी को पड़ोसी से झगड़ा करने के आरोप में और खालापार निवासी नौशाद को लेनदेन के विवाद में झगड़ा करने पर गिरफ्तार करते हुए शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया गया। इनके अलावा, मोहल्ला खालापार में ही तीन सगे भाइयों अरशद, समीर व अफसर का आपस में मारपीट करने के चलते हिरासत में लेकर चालान कर दिया गया।