पश्चिम बंगाल से अगवा युवती बरामद
मुजफ्फरनगर। पश्चिम बंगाल में काफी समय से हरिद्वार का युवक काम करने गया हुआ था। इसी दौरान उसके प्रेम संबंध एक युवती से हो गए, जिसके बाद करीब एक माह पूर्व वह युवती को लेकर फरार हो गया। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ अपने यहां अपहरण के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई थी। अपहृत युवती व आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस को इसी दौरान उनके शहर के अंकित विहार में छिपकर रहने की सूचना मिली। इस पर बुधवार को पश्चिम बंगाल के एएसआई शंभू मंडल व कांस्टेबल अमित समंत युवती के परिजनों के साथ नई मंडी कोतवाली पहुंचे। वहां से स्थानीय पुलिस को साथ लेकर अंकित विहार स्थित मकान में दबिश देकर अपहृत युवती को बरामद कर लिया गया, जबकि आरोपी फरार हो गया। पुलिस बरामद युवती को लेकर पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हो गई है।
सर्पदंश से युवक की मौत
तितावी। थाना क्षेत्र के गांव बुड़ीनाकलां निवासी रविंद्र (40) पुत्र बीस्सू मंगलवार रात घर में सोया था। इसी दौरान देर रात एक सांप ने चारपाई पर चढ़कर उसके चेहरे पर डंस लिया। सांप द्वारा डंसे जाने पर रविंद्र ने उसे वहीं मार दिया, जिसके बाद उसकी भी हालत बिगड़ने लगी। परिजन युवक को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां शाम के समय उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
विवाहिता को जिंदा जलाने की कोशिश
छपार। गांव बसेड़ा निवासी नीटू चंडीगढ़ में फर्नीचर का कार्य करता है। बुधवार को वह किसी काम से बाहर गया हुआ था, जबकि उसकी पत्नी निशा घर पर अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान देवर व ससुर ने विवाहिता के साथ मारपीट कर उसके ऊपर केरोसिन डालकर जिंदा ही जलाने का प्रयास किया। पीड़िता ने किसी तरह वहां से भागकर जान बचाई। बाद में महिला ने पति के साथ थाने पहुंचकर देवर व ससुर के खिलाफ घटना की तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।