खतौली। डीजे पर नाचने को लेकर मामूली कहासुनी होने पर रिश्तेदारों में संघर्ष हो गया। हमले में छह रिश्तेदार घायल हो गए। संघर्ष होने पर शादी समारोह में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिस ने तीन रिश्तेदारों को हिरासत में लिया है। हमले में घायल तीन को मेरठ अस्पताल में रेफर किया गया है।
गांव भंगेला निवासी बीरसिंह के पुत्र पंकज का रविवार को मढ़ा था। सोमवार को जिला बिजनौर के गांव में बारात जानी थी। रविवार को गांव छछरपुर निवासी भाती राजू, सुरेंद्र, बिटटू भात लेकर आए थे। भात देने के बाद सभी बाराती रविवार रात में शादी समारोह में लगाए गए डीजी पर नाचने लगे। डीजे पर नाचते हुए रिश्तेदारों में मामूली कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद भाती और मंसूरपुर के गांव सोंहजनी तगान के रहने वाले रिश्तेदार आमने सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के रिश्तेदारों में जमकर लाठी व डंडे चल गए। भातियों ने गांव सोंहजनी के रिश्तेदार जोनी पुत्र जयवीर, दीपक पुत्र नोबहार, लविन पुत्र जयपाल व नीरज पुत्र जयवीर पर हमला कर घायल कर दिया। भातियों में से भी दो युवकों को काफी चोटें पहुंची। हमले की सूचना पर भंगेला पुलिस चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने रिश्तेदारों को दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने रात में ही घायल रिश्तेदारों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जिनमें से तीन रिश्तेदारों को गंभीर हालत में चिकित्सकों ने मेरठ अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस में तीन रिश्तेदारों को हिरासत में लिया है। दोनों पक्षों ने पुलिस को मारपीट की तहरीर दे दी है। पुलिस ने तहरीर लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।