रतनपुरी/खतौली। गांव मंडावली बांगर के लापता बालक राजन की हत्यारों ने गला घोंटकर हत्या करके शव को जमीन में दबाया था। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुई है। पुलिस ने एक नामजद हत्यारोपी को जेल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष रतनपुरी विरेंद्र कसाना ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार रतनपुरी क्षेत्र के गांव मंडावली बांगर में छह दिन पूर्व लापता आठ वर्षीय बालक राजन पुत्र जयपाल की हत्या गला घोंटकर की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कुकर्म की कोई पुष्टि नहीं हो पाई है। फिर भी जांच पड़ताल कराने को बिसरा सुरक्षित रखा गया है। वहीं, हत्याकांड में पुलिस ने नामजद आरोपी विष्णु गोयल उर्फ सोनू गोयल पुत्र बिजेंद्र से पूछताछ की। उधर, सीओ बुढ़ाना हरिराम यादव ने इस जघन्य हत्याकांड के खुलासा करने को पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीमों को लगाया है। दोनों टीम अलग अलग इस हत्याकांड की जांच पड़ताल में जुटी है। थानाध्यक्ष ने गांव मंडावली बांगर में घटनास्थल के आसपास स्थित खेत मालिकों एवं अन्य ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी की। पुलिस गहनता के साथ हत्याकांड की जांच पड़ताल करने में जुटी है। शीघ्र ही हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। बृहस्पतिवार की देर शाम बालक राजन का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा। जहां भारी पुलिस बल की मौजूदगी में परिजनों व ग्रामीणों ने गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया।