सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए आरोपी
मुजफ्फरनगर। चोरों ने सराफ की दुकान में सेंध लगाकर नकदी, सोने-चांदी के जेवर व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। चोरी की घटना बराबर में चिकित्सक के यहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ने दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
शहर कोतवाली के मिमलाना रोड निवासी सराफ बबलू पुत्र बिजेंद्र के दुकान में यह वारदात हुई। मंगलवार सुबह जब वह दुकान पर पहुंचा, तो उसकी दुकान में सेंध लगी मिली। चोरों ने दुकान से आठ हजार रुपये, चांदी के पंचागले, चेन, पेंडिल, सोने की बालियां, अंगूठी आदि सामान चोरी किया था। उसकी दुकान के सामने एक चिकित्सक की दुकान है, जिसमें सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। उसने शाहबुद्दीनपुर रोड निवासी दो युवकों को चोरी करते हुए पहचाना। जिनके खिलाफ शहर कोतवाली पर तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पकड़ेे गए दोनों युवक शातिर किस्म के बताए गए है।
दफ्तर में घुसकर हमला
मुजफ्फरनगर। कुछ लोगों ने टूर एवं ट्रैवल्स दफ्तर में घुस कर मालिक के साथ मारपीट की। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आनंदपुरी में विपिन कुमार गोयल पुत्र वेदप्रकाश गोयल ने टूर एवं ट्रेवल्स का दफ्तर खोल रखा है। आरोप है कि आरोपी मांगेराम अपने साथियों के साथ आया और उस पर हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
इनामी बदमाश दबोचा
मुजफ्फरनगर। भौराकलां पुलिस ने पांच हजार के इनामी बदमाश सुभाष निवासी सिसौली को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से तमंचा और कारतूस भी मिले है। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि वर्ष 2016 को उत्तराखंड के कसबा मंगलौर में हुए अपहरण के एक मामले में वह वांछित चल रहा था, जिस पर पांच हजार का इनाम घोषित था। पुलिस पकड़ेे गए बदमाश से पूछताछ कर रही है।