खुशनुमा की मौत की गुत्थी उलझी
शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। गांव बसधाड़ा में सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई खुशनुमा की मौत की गुत्थी उलझती जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत के कारणों का पता नहीं चल सका। मौत का कारण पता करने के लिए शव से लिया गया विसरा जांच के लिए आगरा लैब में भेजा जाएगा। युवती की मौत के मामले में पुलिस परिजनों सहित मृतका की रिश्तेदारियों में भी पूछताछ कर रही है।
शाहपुर के गांव बसधाड़ा में सोमवार सुबह 22 वर्षीया खुशनुमा का शव बाथरूम में पड़ा मिला था। शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान न होने व मौत की सही वजह पता नहीं चलने के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही स्पष्ट होने की उम्मीद थी। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। इसके बाद शव का विसरा आगरा लैब में भेजने के लिए सुरक्षित किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक बीपी सिंह ने बताया कि खुशनुमा की पीएम रिपोर्ट में मौत का कोई कारण स्पष्ट नहीं हो सका। उसकी मौत के कारण का पता आगरा से विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा। पुलिस खुशनुमा की मौत की जांच में उसकी भाभी व भाभी के मायके वालों सहित, बहन, मां व पिता के अलावा परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ कर रही है।