पीनना बैंक डकैती के दो आरोपी दबोचे
मुजफ्फरनगर। पीनना बैंक डकैती के दो आरोपियों को पकड़कर पुलिस ने जेल भेज दिया है। अभी तक पुलिस वारदात के पांच आरोपियों को जेल भेज चुकी है। पकडे़ गए आरोपियों के पास से तमंचा, नगदी और छुरी बरामद हुई है।
शहर कोतवाली के पीनना में हुई बैंक डकैती मामले में पुलिस ने शनिवार को तीन आरोपी नितिन, राहुल और सतेंद्र को बुढ़ाना मोड से गिरफ्तार कर चालान कर दिया था। रात में पुलिस ने वहलना चौक से डकैती के दो और आरोपियों सचिन पुत्र रामअवतार निवासी पट्टी चौधरान बड़ौत, बागपत और बुलंदशहर के अलीपुरा निवासी गौरव पुत्र अरुण को गिरफ्तार किया। दोनों के पास से पुलिस को तमंचा, छुरी और लूटी गई रकम में से 9700 रुपये बरामद किए। पूछताछ के बाद दोनों का चालान कर दिया गया। पुलिस ने बैंक मैनेजर अशोक राठी की ओर से अज्ञात में दर्ज कराए गए मुकदमे में सभी आरोपियों के नाम खोल दिए हैं। वारदात में अब तीन आरोपी अनुज और विपुल खूनी तथा अज्ञात जिसे खूनी जानता है, इन तीनों की गिरफ्तारी बाकी रह गई है। पुलिस तीनों की तलाश में जुटी है।