पुलिस के सामने ही महिलाओं में मारपीट
भोपा। खत्ते की जमीन को लेकर जौली गांव में पिछले कई दिनों से दो पक्षों में तनातनी चली आ रही है। इस मामले को लेकर दोनों पक्ष पुलिस के सामने ही भिड़ गए। दोनों पक्षों ने एकदूसरे के विरुद्ध थाने पर तहरीर दी हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों से कहा कि शनिवार को लेखपाल को मौके पर बुला मामले का निस्तारण कराया जाएगा।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव जौली में खत्तों की भूमि को लेकर दो पक्षों में तनातनी चली आ रही हैं। गांव के ही दो लोग सचिन व सुनील बस्ती के पास पड़ी खत्ते की भूमि पर अपना-अपना हक जता रहे हैं। उस पर अपना कब्जा दर्शाने के लिए जहां एक पक्ष ने खेती-बाड़ी का सामान आदि रख दिया। वहीं, दूसरे पक्ष ने उसमें पेड़ लगा दिए। इसी को लेकर बीते पांच दिनों से दोनों पक्षों में तनातनी है। बृहस्पतिवार को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए तो मौके पर पहुंची जौली चौकी पुलिस दोनों पक्षों को थाने पहुंचकर अपना-अपना पक्ष रखने को कहा गया। दोनो पक्षों ने थाना पहुंचकर एकदूसरे के विरुद्ध तहरीर देकर कार्यवाई की मांग की। शुक्रवार को भी दोनों पक्षों में गालीगलौज हो शुरू हो गई और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मामले को बढ़ता देख पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर जौली चौकी प्रभारी गुरुवचन सिंह मौके पर पहुंचे। जैसे ही वह दोनों पक्षों को समझा रहे थे तो पुलिस के सामने ही दोनों ओर की महिलाओं में मारपीट हो गई। मामला बढ़ता देख मौके पर काफी पुलिस बल को बुलाया गया। चौकी प्रभारी ने दोनों पक्षों से कहा की वह शनिवार को हल्का लेखपाल को मौके पर बुलाकर मामले का निस्तारण कराएंगे।