मुजफ्फरनगर। सरवट निवासी व्यक्ति को प्लाट बेचने का झांसा देकर कुछ युवकों नेे 36.50 लाख रुपये हड़प लिए। निर्धारित समय पर आरोपी ने प्लाट का बैनामा करने से इंकार करते हुए रुपये लौटाने से भी हाथ खड़े कर दिए। पीड़ित की गुहार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव सरवट निवासी मासूम अली ने तहरीर देकर बताया कि वर्ष 2012 में उसने प्रापर्टी डीलर शहीद अहमद से 1770 वर्ग गज का एक प्लाट 1.46 करोड़ रुपये में खरीदा था। इस संबंध में दिसंबर 2012 में डीलर को नकद 36.50 लाख रुपये तीन बार में दे दिए गए थे, जबकि शेष धनराशि वर्ष 2014 में बैनामा कराए जाने के दौरान दिए जाने थे। पीड़ित के अनुसार, अप्रैल 2014 को निर्धारित समय पर जब प्रापर्टी डीलर को बाकी रुपये लेकर बैनामा करने के लिए कहा गया तो उसने इंकार कर दिया। अब आरोपी न तो रुपये लौटा रहा है और न ही प्लाट का बैनामा कर रहा है। रुपये मांगने पर आरोपी द्वारा उल्टे धमकियां दी जा रहीं हैं। पीड़ित की गुहार पर पुलिस ने आरोपी प्रापर्टी डीलर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।