छेड़छाड़ का विरोध करने पर किशोरी के भाई पर हमला
तितावी (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र के एक गांव में किशोरी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपियों ने निशाना साधते हुए उसके भाई पर गोली चला दी। गनीमत है कि किशोरी का भाई बाल बाल बच गया। ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को उनके घर से मय तमंचे के साथ हिरासत में ले लिया। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवक की बहन के साथ गांव का ही दूसरे समुदाय का युवक आए दिन छेड़छाड़ करते हुए अश्लील फब्तियां कसता था। पीड़ित किशोरी ने इस संबंध में परिजनों को जानकारी दी। किशोरी के परिजनों ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी हरकतें जारी रहीं। पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह बघरा अड्डे पर खालिद व किशोरी के भाई के बीच इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। शाम के समय किशोरी का भाई किसी काम से गांव के अड्डे पर गया था, जहां खालिद व उसके भाई भूरा ने उसे पकड़कर मारपीट कर दी। पीड़ित युवक किसी तरह वहां से जान बचाकर भागा तो आरोपियों ने उस पर फायरिंग कर दी, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। छेड़छाड़ के विरोध पर किशोरी के भाई पर फायरिंग किए जाने की जानकारी मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों आरोपी भाइयों को उनके घर से हिरासत में ले लिया। एसओ सूबेसिंह ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाएगा।