साली से शादी करने के लिए पत्नी की हत्या की
रतनपुरी/खतौली (मुजफ्फरनगर)। गांव मुजाहिदपुर में बृहस्पतिवार को हुई विवाहिता सपना की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में मृत महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृत महिला के पति ने ही साली से संबंधों के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मुताबिक आरोपी पत्नी की हत्या करके अपनी साली से शादी करना चाहता था। आरोपी पति ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
सीओ बुढ़ाना हरिराम यादव ने सपना हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह रतनपुरी क्षेत्र के गांव मुजाहिदपुर में 26 वर्षीय विवाहिता सपना की फांसी लगाकर हत्या कर दी गई थी। सीओ ने बताया कि मृत महिला सपना के पति अरुण कुमार का अपनी साली से प्रेम प्रसंग चल रहा है। आरोपी अरुण ने बताया कि उसकी पत्नी के भी उसके गांव में ही किसी अन्य युवक से अनैतिक संबंध थे। इस बात को लेकर दोनों में काफी मनमुटाव चल रहा था। अक्सर इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा होता रहता था। पुलिस के मुताबिक घटना की रात करीब एक बजे अरुण कुमार ने घर की द्वितीय मंजिल पर जाकर पहले अपनी पत्नी से पानी मांगा। उसके बाद दोनों में इसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। उसने अपनी ने पत्नी सपना के साथ मारपीट की। उसने सोचा कि पत्नी की हत्या करके वह अपनी साली से शादी कर लेगा। इसी बात को लेकर उसने उसकी चुन्नी से ही गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद उसने पुलिस को गुमराह करने के मकसद से मृतका के कान से कुंडल भी खींच डाले, ताकि पुलिस को लूटपाट के कारण हत्या होना प्रतीत हो। हत्या को अंजाम देकर आरोपी पति रात में ही रामपुर कांटे पर पहुंचा और वहां से ट्रक में बैठकर खतौली से दिल्ली चला गया। शुक्रवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर परिजनों ने उसे फोन से पत्नी की मौत की सूचना दी, तब जाकर सुबह वह अपने गांव में वापस आ गया। सीओ ने बताया कि आरोपी पति ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। विदित हो इस मामले में मृतका के भाई पंकज कुमार ने पति अरुण कुमार, ससुर चंद्रप्रकाश, सास आशा, देवर अतुल कुमार के विरुद्ध अतिरिक्त दहेज मांगने पर हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया था।