सहारनपुर के कस्बा नागल निवासी इरशाद पुत्र गुलजार ने रविवार को थाने में तहरीर देकर बताया कि गत 13 जुलाई को नागल निवासी अब्दुल रज्जाक पुत्र सुलेमान मेरे भाई नौशाद को मंगलौर उत्तराखंड में ट्रैक्टर दिलाने के बहाने लेकर गया था। पुरकाजी क्षेत्र के गांव कम्हेड़ा के निकट पहले से मौजूद दो अन्य लोगों के साथ मिलकर मेरे भाई को लूटना शुरु कर दिया। लूटपाट करने का विरोध करने पर भाई को सरियों से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इन लोगों ने उसके भाई से 30 हजार रुपये की नगदी व स्कूटी और मोबाइल लूट लिया। पीड़ित ने पुलिस से मुकदमा दर्जकर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
विधायक के चालक की ओर से मुकदमा दर्ज
पुरकाजी। भाजपा विधायक प्रमोद उंटवाल के चालक सन्नी कुमार ने थाने में तहरीर देकर कुछ लोगों पर अभद्रता करने का आरोप लगाया। पुलिस ने रविवार को पुरकाजी निवासी संजय वर्मा व आजाद फरीदी तथा राजेंद्र के विरुद्ध संगीन धाराओं में मुकदमा मुकदमा दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
विवाहिता को उसके प्रेमी को सौंपा
पुरकाजी। गांव झबरपुर की विवाहिता प्रेम प्रसंग के चलते अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई थी। पुलिस ने रविवार को प्रेमी सहित थाना मंसूरपुर क्षेत्र से विवाहिता को बरामद कर लिया। दोनों पक्षों के दर्जनों लोग भी थाने पहुंच गए थे। परिजनों ने विवाहिता को अपने पति के साथ जाने को लेकर दबाव बनाया। काफी समझाने के बावजूद भी वह अपने प्रेमी के साथ ही जाने की जिद पर अडिग रही। जिस पर पुलिस ने दोनों पक्षों की सहमति पर विवाहिता को उसके प्रेमी को सौंप दिया।