धोखेबाज लड़के से शादी करने से किया इंकार
भोपा (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र के गांव की लड़की ने शादी से पूर्व ही फरेब करने वाले लड़के से शादी करन से इनकार किया है। इससे दोनों परिवारों में शादी समारोह की तैयारियां धरी रह गई। पीड़िता का आरोप है कि लड़का अब उसको जबरन दुल्हन बनाकर ले जाने की धमकी दे रहा है। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर लड़के के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी लड़की ने धोखेबाज लड़क से तीन दिन पहले ही शादी करने से इंकार कर दिया है। खादर क्षेत्र के गांव निवासी लड़की ने बृहस्पतिवार को अपने वृद्ध पिता के साथ थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि उत्तराखंड के देहरादून क्षेत्र के रहने वाले लड़के से उसकी शादी तय की गई थी, बारात सात जुलाई को आनी थी। लड़की ने पुलिस को बताया कि शादी से पूर्व होने वाली मांग भराई की रस्म हो चुकी थी। आरोप है जिस लड़के से उसकी शादी तय हुई थी, उसने रोजगार के नाम पर अपने आपको सरकारी नौकर बताते हुए 80 हजार रुपए प्रतिमाह की वेतन बताई थी। इसी के साथ ही लड़के द्वारा जो गोल्ड दिया गया था वो भी नकली निकला है। अपने आपको 12वीं पास बताने वाला लड़का 10वीं पास निकला है। लड़की का कहना है कि शादी से पूर्व इतना झूठ व धोखाधड़ी करने वाले के साथ उसकी जिंदगी नरक हो जाएगी। इसलिए उसने शादी करने से इंकार कर दिया है। मामला पिछले एक सप्ताह से चला आ रहा है, जिसको लेकर लड़का पक्ष के लोग लड़की पक्ष के गांव में पहुंचे। गांव में इस संबंध में दो बार जिम्मेदार लोगों की पंचायत भी हो चुकी है। पंचायत में बात नहीं बनी। थाना प्रभारी बीपी सिंह यादव ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है।