जनसेवा केंद्र मालिक को लूटा
पुरकाजी। घर लौट रहे जनसेवा केंद्र के स्वामी से बदमाशों ने 40 हजार रुपये, मोबाइल और लैपटॉप लूट लिया। विरोध करने पर युवक को बुरी तरह से पीटा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घंटों जंगल में कांबिंग की, मगर बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा।
गांव धमात निवासी कृष्णपाल के पुत्र राजवीर ने गांव कल्लनपुर में जनसेवा केंद्र खोल रखा है। बुधवार रात करीब नौ बजे वह अपनी बाइक से कल्लनपुर से गांव लौट रहा था। रास्ते में तीन बदमाशों ने उसे रोक कर बुरी तरह से पीटा और जंगल में ले गए। राजवीर को गंभीर रूप से घायल कर बदमाशों ने 40 हजार रुपये, लैपटॉप और दो मोबाइल फोन लूट लिए। किसी तरह सड़क पर पहुंचे घायल ने वहां से गुजर रहे लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल को अस्पताल भेजकर बदमाशों की तलाश में कांबिंग की गई। उधर, गंभीर हालत के चलते घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां से परिजन उसे मेरठ के प्राइवेट अस्पताल में लेे गए। पुलिस का कहना है कि मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है।