दूधिया हत्याकांड में आरोपी मोंटी का कोर्ट में सरेंडर
खतौली। दूध विक्रेता असबाब हत्याकांड में आरोपी मोंटी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। इस हत्याकांड में अब दो आरोपी फरार हैं। पुलिस फरार आरोपियों को पकड़ने में जुटी है।
मंसूरपुर क्षेत्र के गांव खेड़ीतगान निवासी दूध विक्रेता असबाब उर्फ वहाब पुत्र अख्तर की 11 मार्च की रात इंदिरा मूर्ति के पास स्थित दूध डेयरी पर गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। उस वक्त पिता अख्तर ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 16 मार्च को एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने 25 हजार के इनामी बदमाश वासु उर्फ उत्तम चौधरी उर्फ दीपक पुत्र राजकुमार चौधरी निवासी डेरा इलाहीपुरा, जनपद सहारनपुर को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया था। आरोपी के पास से असबाब की हत्या में प्रयुक्त 38 बोर का रिवाल्वर व बाइक भी बरामद की गई थी। एसएसपी ने बताया था कि सांप्रदायिक दंगे के दौरान नौ सितंबर 2013 को असबाब के दो भाइयों शाहिद व शबाब की हत्या कर दी गई थी, जिसके मुकदमे में मृतक असबाब की गवाही होनी थी। दोनों भाइयों की हत्या में भोलू उर्फ अमरदीप, श्रीकांत उर्फ बल्लू, सहदेव, अजीत व मोंटी निवासीगण गांव मथेड़ी के नाम जांच के दौरान प्रकाश में आए थे। इन्हीं लोगों ने दीपक के साथ मिलकर असबाब की हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड में साजिशकर्ता के रूप में मनजीत उर्फ टोनी पुत्र सुशील मूंछ का भी नाम भी शामिल था। पुलिस ने आरोपी दीपक को जेल भेज दिया था। पूर्व में नामजद आरोपी बल्लू व भोलू ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। मंगलवार को आरोपी मोंटी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इंपेक्टर हरसरन शर्मा ने दूध विक्रेता हत्याकांड में अब तो आरोपी फरार हैं। शीघ्र ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।