मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव बिलासपुर निवासी सुदेश पाल ने तहरीर देकर बताया कि उसकी गांव के ही कूड़े सिंह पक्ष से किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि कूड़े सिंह और उसके बेटे देवेंद्र, जोगेंद्र व रवि और ऋषभ शाम को उसके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर मचाने पर परिजन और आसपास के लोग पहुंचे तो हमलावर धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने घायल का मेडिकल कराते हुए तहरीर के आधार पर पांचों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर, गांव कूकड़ा निवासी अजय कुमार ने तहरीर देकर बताया कि नौ जनवरी को पटेलनगर में उसके साथ आशीष जैन, सूरज चौधरी आदि ने मारपीट की थी। पुलिस ने उस समय मामले की एनसीआर दर्ज की थी, जिसे सोमवार रात एफआईआर में तरमीम कर दिया गया है।
दालमंडी में दुकानदारों में मारपीट, हंगामा
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कृष्णापुरी निवासी प्रवीण सिंघल ने तहरीर देकर बताया कि उसकी दाल मंडी में दुकान है। उसके पड़ोस में ही ईश्वर चंद की दुकान है। आरोप है कि सोमवार शाम मामूूली विवाद में पड़ोसी ने अपने बेटों के साथ मिलकर हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना को लेकर थाने में भी दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ। दोनों पक्षों के बीच समझौते की कवायद की जा रही थी।