मुजफ्फरनगर। मोहल्ला गोशाला नदी रोड निवासी ईंट-भट्ठा मालिक को लेबर भेजने का झांसा देकर दो लोगों ने 3.50 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गोशाला नदी रोड निवासी दिनेश मलिक ने तहरीर देकर बताया कि उनका हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र में ईंट-भट्ठा है। पीड़ित के अनुसार, 20 दिसंबर 2018 को सिखेड़ा क्षेत्र के गांव सिखरेड़ा निवासी दो लेबर ठेकेदार महताब व गुलजार उसके घर आए। दोनों ने दिनेश मलिक को उसके भट्ठे पर लेबर भेजने की बात 500 रुपये प्रति हजार तय की और बतौर पेशगी 3.50 लाख रुपये मांगते हुए तीन जनवरी से लेबर भेजने की बात कही। इस पर भट्ठा मालिक ने दोनों को तीन बार में मांगी गई पेशगी के 3.50 लाख रुपये दे दिए। आरोप है कि तीन जनवरी को निर्धारित समय पर न तो दोनों ठेकेदार उसके भट्ठे पर पहुंचे और न ही लेबर ही भेजी। पीड़ित ने उनके मोबाइल पर कॉल की तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किए। इस पर पीड़ित उनके घर गया, लेकिन वे वहां भी नहीं मिले। पीड़ित की गुहार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।