वहलना चौक पर अचेत मिला युवक
मुजफ्फरनगर। शहर के वहलना चौक पर मंगलवार देर रात एक युवक अचेतावस्था में पड़ा मिला। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की शनाख्त नहीं हो सकी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के वहलना चौक पर मंगलवार देर रात सड़क किनारे करीब 22 वर्षीय युवक अचेतावस्था में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को एंबुलेंस से ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां बुधवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक के पास से ऐसा कोई सामान नहीं मिला है, जिसके चलते उसकी शनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है।
वेतन मांगने पर भाई-बहन को पीटा
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव रथेड़ी निवासी ज्योति ने तहरीर देकर बताया कि वह गांव के ही सुरेश के यहां नौकरी करती है। पीड़िता के अनुसार उसके कई माह की तनख्वाह बकाया थी, जिसे वह बुधवार सुबह सुरेेश से मांगने गई थी। आरोप है कि तनख्वाह मांगने पर सुरेश ने परिजनों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। शोर मचाने पर उसका भाई वहां पहुंचा तो उसके साथ भी मारपीट कर उसका सिर फोड़ दिया। पीड़िता की गुहार पर पुलिस ने घायल भाई-बहन को मेडिकल के लिए भेजते हुए आरोपी व उसके परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।