युवती के अश्लील फोटो इंटरनेट पर डाले
मुजफ्फरनगर। युवती के अश्लील फोटो लेकर उसे इंटरनेट पर अपलोड करने का मामला सामने आया है। आरोपी सऊदी अरब में रहे हैं, वहीं पर फोटो इंटरनेट और सोशल मीडिया पर वायरल किए गए। पीड़िता ने अपनी एक सहेली समेत तीन आरोपियों के खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।
शहर कोतवाली में दर्ज कराए गए मुकदमे के अनुसार पीड़िता तितावी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है, जो कि वर्तमान में शहर की एक कालोनी में रहती है। दो वर्ष पहले बबीता नामक उसकी सहेली ने आनंदपुरी के इनाम से उसे काम के सिलसिले मिलवाया था। आरोप है कि उस समय बबीता, इनाम और न्यामू के अमजद ने उसे कोई नशीला पदार्थ पीला कर उसकी अश्लील वीडियो बनाई और फोटो लिए थे, जिसकी शिकायत पीड़िता ने पुलिस को की थी तो कुछ जिम्मेदार लोगों ने फैसला करा दिया था, तब फोटो और वीडियो दे दिए थे। आरोप है कि आरोपियों ने उसकी कापी कराकर अपने पास रखे। दोनों आरोपी युवक इन दिनों सऊदी अरब में नौकरी कर रहे हैं। हाल में ही उनके पास काम करने वाला एक युवक अपने गांव आया। युवक ने पीड़िता से मिल कर बताया कि आरोपियों ने उसके फोटो और वीडियो सऊदी अरब में इंटरनेट और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए हैं। बुधवार को शहर कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर उसकी सहेली के अलावा अन्य दोनों आरोपियों के खिलाफ 66 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।